जयपुर के भांकरोटा इलाके में जयपुर–अजमेर हाईवे पर केमिकल से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। टायर के पास चिंगारी से आग भड़की, जिससे अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया। ड्राइवर ने समय रहते कूदकर जान बचाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। बड़ा हादसा टल गया।
जयपुर–अजमेर हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। भांकरोटा इलाके में केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। जयपुर-अजमेर हाईवे पर रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर सुबह करीब 4:45 बजे यह घटना हुई।
अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा टैंकर करीब 30 हजार लीटर मिथाइल केमिकल लेकर जा रहा था। पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के टायर के पास से चिंगारियां निकलीं और निचले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते धुआं उठने लगा और लपटें दिखने लगीं।
चलते टैंकर में आग देखकर आसपास के वाहन चालक घबरा गए। राहगीरों ने तुरंत ड्राइवर को आग लगने की जानकारी दी। हालात समझते ही ड्राइवर ने टैंकर सड़क किनारे खड़ा किया और कूदकर अपनी जान बचाई। डर के मारे कई लोगों ने अपने वाहन छोड़ दिए और दूर भाग गए।
भांकरोटा की पिछली घटना की याद से लोग और ज्यादा सहम गए। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील मौके पर पहुंचे। आग तेजी से फैलती देख पुलिसकर्मी खुद ही आग बुझाने में जुट गए।
अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को काबू में करने की कोशिश की गई और फायर ब्रिगेड के आने तक आग फैलने से रोकी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि आग केमिकल टैंक तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा धमाका हो सकता था।
आग बुझने के बाद हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कराया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
Disclaimer
Disclaimer:
Images are for illustrative purposes only.
Published by: Netgram Team. For newsroom standards, byline transparency, and correction requests, review our editorial standards and corrections policy.
Need to contact the newsroom directly? Email netgramnews@gmail.com or visit the team page.