जोधपुर में सीएसटी टीम ने हर्षित एंटरप्राइजेज पर छापा मारकर साढ़े 7 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी जब्त किया। गोदाम से पॉम ऑयल, अलग-अलग ब्रांड के टीन, खाली डिब्बे और पैकिंग सामग्री मिली। फर्म संचालक नवीन कुमार को डिटेन किया गया है। घी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर में साढ़े 7 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी जब्त सीएसटी टीम का हर्षित एंटरप्राइजेज पर छापा, संचालक डिटेन, कई ब्रांड के डिब्बे बरामद
जोधपुर कमिश्नर स्पेशल टीम (सीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े 7 हजार लीटर से अधिक नकली घी जब्त किया है। आंगणवा नंदपुरी योजना सोसायटी में संचालित हर्षित एंटरप्राइजेज फर्म पर छापा मारकर लंबे समय से चल रहे नकली घी के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया गया।
छापेमारी के दौरान गोदाम से पॉम ऑयल, अलग-अलग ब्रांड के भरे हुए टीन और नामी कंपनियों के छपे हुए वेपर बरामद किए गए। सूचना मिलने पर मेडिकल, रसद विभाग और फूड इंस्पेक्टर की टीम मौके पर पहुंची और विभिन्न ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए।
मंडोर थाना पुलिस ने मौके से फर्म संचालक नवीन कुमार को डिटेन कर लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली घी कहां-कहां और कितने समय से सप्लाई किया जा रहा था।
फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली घी बरामद
सीएसटी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मेहराज तंवर ने बताया कि मंडोर थाना क्षेत्र की आंगणवा नंदपुरी योजना में चल रही फैक्ट्री से 350 टीन अलग-अलग ब्रांड के घी, 150 टीन मिक्स पॉम ऑयल समेत करीब साढ़े 7 हजार लीटर नकली घी बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि परिसर में सागर सरस, जय श्री कृष्णा, सुमन गोल्ड, रिफाइंड पाम ऑयल, प्यूर अमुल्या, डेयरी ट्रीट, दीप कृष्णा सहित नामी कंपनियों से मिलते-जुलते नामों के करीब 800 खाली डिब्बे, वेपर लगे टीन, एक बड़ा और एक छोटा घी का टैंक भी मिला है।
स्वास्थ्य विभाग ने भेजे सैंपल जांच के लिए
कार्रवाई के दौरान घी गर्म करने के 6 गैस चूल्हे, 6 गैस सिलेंडर, प्लास्टिक डिब्बे, ढक्कन, स्टीकर, माप-तोल कांटा सहित करीब 10 लाख रुपये की सामग्री भी जब्त की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल और रसद विभाग की टीम के साथ फूड इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया गया।
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवीन कुमार डिटेन, जांच जारी
मंडोर पुलिस के अनुसार बालेसर दुर्गावता हाल भदवासिया 80 फीट रोड निवासी नवीन कुमार (38), पुत्र महावीर चंद को मौके पर ही डिटेन कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Disclaimer
Disclaimer:
Images are for illustrative purposes only.
Published by: Netgram Team. For newsroom standards, byline transparency, and correction requests, review our editorial standards and corrections policy.
Need to contact the newsroom directly? Email netgramnews@gmail.com or visit the team page.