भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर राजस्थान विधानसभा के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इसे पीएम मोदी की कूटनीतिक जीत बताया, जबकि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस सचेतक रफीक खान ने इसे देश के हितों से समझौता और रूस की दोस्ती को नजरअंदाज करने वाला कदम बताया।
राजस्थान विधानसभा के बाहर उस वक्त सियासी माहौल अचानक गरमा गया, जब भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बड़े नेता आपस में भिड़ गए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस सचेतक रफीक खान और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के बीच हुई इस तीखी जुबानी जंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीजेपी जहां इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक जीत बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे देश के हितों से समझौता करार दे रही है। बहस की शुरुआत तब हुई जब मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की रणनीति के आगे अमेरिका बैकफुट पर आ गया है।
उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नीति ने भारत को इतनी मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है कि अब अमेरिका भी भारत की शर्तों पर ट्रेड डील करने को मजबूर है। बेढम ने इसे भारत के बढ़ते वैश्विक कद का सबूत बताया। मंत्री के दावों पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि इसे कूटनीतिक जीत कहना मजाक है और असल में यह देश के हितों से समझौता है। जूली ने सवाल किया कि आखिर अमेरिका किस नीति से बैकफुट पर आया? उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने सरेंडर कर दिया है।
जूली ने आशंका जताई कि अगर अमेरिका के डेयरी प्रोडक्ट्स भारत आए तो यहां के किसान भारी संकट में फंस जाएंगे। उन्होंने खाद, बीज और यूरिया की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि जो सरकार किसानों की बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पा रही, वही सरकार अब उनकी बर्बादी का सौदा कर आई है।
बहस में कांग्रेस सचेतक रफीक खान ने रूस का मुद्दा उठाकर विवाद को और गहरा कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या अमेरिका से ट्रेड डील करने के लिए भारत ने अपने पुराने और भरोसेमंद दोस्त रूस की दोस्ती को दांव पर लगा दिया है?
रफीक खान ने कहा कि भारत-पाक तनाव के समय अमेरिका अक्सर पाकिस्तान के साथ खड़ा दिखा है, ऐसे में रूस को नजरअंदाज कर अमेरिका पर भरोसा करना भारत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। विपक्ष के हमलों पर मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष की सोच विकृत हो चुकी है।
उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे बातचीत अनौपचारिक हो या औपचारिक, सच्चाई यही है कि मोदी की रणनीति के आगे अमेरिका को झुकना पड़ा है। बेढम ने कहा कि भारत अब किसी के सामने झुकने वाला देश नहीं है और आज पूरी दुनिया में भारत का दबदबा बढ़ा है।
विधानसभा के बाहर हुई इस तीखी बहस ने एक बार फिर भारत की विदेश नीति और ट्रेड डील को लेकर सियासी टकराव को खुलकर सामने ला दिया है
Disclaimer
Disclaimer:
Images are for illustrative purposes only.
Published by: Netgram Team. For newsroom standards, byline transparency, and correction requests, review our editorial standards and corrections policy.
Need to contact the newsroom directly? Email netgramnews@gmail.com or visit the team page.